Thursday, May 22, 2025 02:20:02 AM

बलिया में दवा व्यापारी पर हमला
दवा कारोबारी को बुलेट सवार बदमाशों ने मारी गोली, व्यापारियों में दहशत

बलिया में दवा व्यापारी अरुण गुप्ता पर बुलेट सवार अज्ञात बदमाशों ने हमला किया। घटना से स्थानीय व्यापारियों में दहशत।

दवा कारोबारी को बुलेट सवार बदमाशों ने मारी गोली व्यापारियों में दहशत
गोली लगने के बाद अस्ताल में इलाजरत व्यापारी
पाठकराज

बलिया। बलिया शहर के चौक कासिम बाजार रोड पर बुधवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब बुलेट सवार अज्ञात बदमाशों ने एक दवा कारोबारी को गोली मार दी। यह हमला उस समय हुआ जब व्यापारी अरुण गुप्ता (64 वर्ष) अपने घर के पास टहल रहे थे। घटना की खबर फैलते ही स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों में दहशत फैल गई।

जानकारी के मुताबिक गुरुद्वारा रोड निवासी अरुण गुप्ता, जो एक प्रतिष्ठित दवा व्यापारी हैं, रोज़ की तरह सुबह टहलने निकले थे। तभी बुलेट बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और बातचीत का बहाना करते हुए अचानक कमर के पास गोली मार दी। गोली लगते ही अरुण गुप्ता ज़मीन पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें उठाकर जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया और उनकी हालत स्थिर बताई है।


 

पुलिस मौके पर, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही ओकडेनगंज चौकी प्रभारी ब्रजेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने का काम शुरू कर दिया है। पुलिस को शक है कि यह हमला किसी पुरानी रंजिश या फिर लूट की कोशिश का हिस्सा हो सकता है। ब्रजेश सिंह (चौकी प्रभारी) ने बताया कि "हमारी टीम बदमाशों की पहचान में जुटी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। घटनास्थल से कुछ अहम सुराग मिले हैं।"


 

बाजार में फैली दहशत

दवा कारोबारी पर हुए हमले के बाद से कासिम बाजार व आसपास के व्यापारियों में भय का माहौल है। स्थानीय व्यापार मंडल ने पुलिस से तत्काल कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। व्यापारी संघ के प्रतिनिधि ने कहा कि "अगर पुलिस जल्द आरोपियों को नहीं पकड़ेगी तो व्यापारी सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। शहर में इस तरह की वारदातें व्यापार के लिए गंभीर खतरा हैं।"


सम्बन्धित सामग्री