सांकेतिक तस्वीर | पाठकराज
पाठकराज
नोएडा। नोएडा सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। अलीगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने पत्नी के प्रेमी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। हमले में आरोपी पति भी घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सुमित निवासी उत्तम नगर, दिल्ली के रूप में हुई है, जो सेक्टर-63 के 25 फुटा रोड स्थित एक मकान में किराए पर रहता था और अपने पिता के साथ कबाड़ का काम करता था। वहीं आरोपी का नाम शेर सिंह है, जो अलीगढ़ के नागी नगला गांव का रहने वाला है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुमित और शेर सिंह की पत्नी के बीच प्रेम संबंध थे। महिला पहले शेर सिंह के साथ रहती थी लेकिन पति के घरेलू हिंसा से तंग आकर कुछ समय से सुमित के साथ रह रही थी। दो महीने पहले शेर सिंह जबरन उसे अपने गांव ले गया था। गुरुवार को महिला वापस सुमित के पास आ गई थी।
इस बात से नाराज़ होकर शेर सिंह देर रात चाकू लेकर मौके पर पहुंच गया। जहां कहासुनी के बाद दोनों के बीच झगड़ा हुआ और मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया। दोनों गंभीर रूप से घायल हुए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। सुमित को जिला अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया, जबकि शेर सिंह को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।