Saturday, June 07, 2025 04:27:18 AM

स्वास्थ्य विभाग की डिजिटल उपेक्षा
गौतमबुद्ध नगर का स्वास्थ्य विभाग सोशल मीडिया पर निष्क्रिय, आठ महीने से ठप पड़ा एक्स (Twitter) अकाउंट

उत्तर प्रदेश का स्वास्थ्य विभाग सोशल मीडिया उपयोग में निष्क्रिय, जिससे जनता को जरूरी स्वास्थ्य अपडेट्स प्राप्त नहीं हो पा रहे हैं।

गौतमबुद्ध नगर का स्वास्थ्य विभाग सोशल मीडिया पर निष्क्रिय आठ महीने से ठप पड़ा एक्स twitter अकाउंट
स्वास्थ्य विभाग का एक्स अकाउंट | एक्स
एक्स

गौतमबुद्ध नगर। जहां एक ओर उत्तर प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने और उन्हें पारदर्शी बनाने के लिए सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर जोर दे रही है, वहीं गौतमबुद्ध नगर का स्वास्थ्य विभाग डिजिटल दुनिया से पूरी तरह कट चुका है। विभाग का एक्स (पूर्व Twitter) हैंडल पिछले आठ महीनों से पूरी तरह निष्क्रिय पड़ा हुआ है।

आखिरी बार स्वास्थ्य विभाग ने 4 दिसंबर 2024 को अपने एक्स हैंडल पर कोई पोस्ट साझा की थी। उसके बाद से कोई अपडेट, सूचना या जनसंपर्क गतिविधि नहीं की गई है। यह तब है जब स्वास्थ्य विभाग से जुड़े मुद्दे लगातार सामने आ रहे हैं — जांच केंद्रों की बंदी, सीएमओ-सीएमएस के आपसी मतभेद, और आम जनता को जानकारी तक न मिल पाना जैसे गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जनसंपर्क में भारी गिरावट

सरकारी निर्देशों के बावजूद, जनहित से जुड़ी स्वास्थ्य योजनाओं, टीकाकरण अभियानों, बीमारियों की रोकथाम, या हेल्थ अलर्ट जैसी किसी भी सूचना को विभाग अपने सोशल मीडिया पर साझा नहीं कर रहा है। नतीजतन, जिले के नागरिकों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी अद्यतन जानकारी प्राप्त नहीं हो पा रही।

 

जिम्मेदार कौन?

स्थानीय नागरिकों और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विशेषज्ञों का कहना है कि इस निष्क्रियता से यह प्रतीत होता है कि विभाग डिजिटल जनसंपर्क को लेकर गंभीर नहीं है। ऐसे में यह सवाल उठना लाज़िमी है कि क्या विभाग को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के अस्तित्व का भी ज्ञान है?


सम्बन्धित सामग्री