पार्टी में शामिल होने कबाद मनीष कश्यप | पाठकराज
पाठकराज
डिजिटल डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज़ हो गई है। चर्चित यूट्यूबर और सोशल मीडिया पर प्रभावशाली चेहरा मनीष कश्यप ने भाजपा से इस्तीफा देकर अब प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी का दामन थाम लिया है। पार्टी की ओर से आधिकारिक तौर पर तस्वीरें और जानकारी एक्स (पूर्व ट्विटर) पर साझा की गई हैं।
“बुझी हुई आश जलायेंगे हम…” — भावुक पोस्ट के साथ किया एलान
जन सुराज में शामिल होते ही, मनीष कश्यप ने प्रशांत किशोर के साथ अपनी तस्वीरें साझा करते हुए लिखा:
“बुझी हुई आश जलायेंगे हम, घर-घर रोशनी पहुंचाएंगे हम, पलायन का दर्द मिटाएंगे हम, फिर से नया बिहार बनाएंगे हम।” उनका कहना है कि बिहार की स्थिति दुखद और असुरक्षित है। “आज बिहार में कोई भी सुरक्षित नहीं है। अगर बिहार को सुरक्षित और विकसित बनाना है तो जन सुराज की सरकार ज़रूरी है।”
भाजपा से मोहभंग के बाद लिया फैसला
मनीष कश्यप पिछले साल भाजपा में शामिल हुए थे। उन्हें लोकसभा चुनाव में टिकट नहीं मिला, जिसके चलते नाराज़गी जताई। पिछले महीने उन्होंने वीडियो जारी कर बीजेपी से इस्तीफा देने की घोषणा की। आरोप लगाया कि “भाजपा ने दिल्ली चुनाव तक इस्तेमाल किया और फिर छोड़ दिया।”
कौन हैं मनीष कश्यप?
बिहार के मूल निवासी मनीष कश्यप एक लोकप्रिय यूट्यूबर और पत्रकारिता शैली में सोशल मीडिया एक्टिविस्ट हैं
उनके यूट्यूब चैनल पर करीब एक करोड़ सब्सक्राइबर हैं
वह तामिलनाडु में बिहारी मज़दूरों पर हमले के फर्जी वीडियो प्रकरण में गिरफ्तार भी हो चुके हैं
उनकी लोकप्रियता खासतौर से बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के युवाओं में है
प्रशांत किशोर की रणनीति को मिला जनसमर्थन?
प्रशांत किशोर की जन सुराज यात्रा और संगठन लगातार नीतिगत बदलाव और साफ-सुथरी राजनीति की बात कर रहे हैं। मनीष कश्यप जैसे चर्चित चेहरों का जुड़ना, पार्टी के लिए बड़े जनसंपर्क लाभ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।