सूरजपुर में सपा कार्यकर्ताओं की बैठक, भाजपा सरकार पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप | पाठकराज
पाठकराज
नोएडा। सूरजपुर स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर शनिवार को दादरी और जेवर विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जेवर विधानसभा के पर्यवेक्षक एवं पूर्व मंत्री मांगेराम कश्यप तथा दादरी विधानसभा के पर्यवेक्षक प्रदीप कसाना ने की। इस अवसर पर महारानी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती भी श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।
भाजपा सरकार पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष डॉ. शशि यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि, "भाजपा अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार साबित हुई है। प्रदेश का शायद ही कोई विभाग बचा हो जहाँ भ्रष्टाचार चरम पर न हो।" उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता जनता के पैसे की खुलकर लूट कर रहे हैं, जिससे आम जनमानस बुरी तरह त्रस्त है। डॉ. शशि यादव ने कहा कि भाजपा की गलत नीतियों के कारण महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, जिससे गरीब, मजदूर, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समुदाय सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।
अखिलेश यादव के कार्यों का उल्लेख
बैठक में उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा गरीबों और वंचित वर्गों के लिए किए गए कार्यों का ज़िक्र करते हुए कहा कि, "समाजवादी पार्टी हमेशा आमजन के हक और अधिकार की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी।" उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर सामाजवादी विचारधारा का जन-जन तक प्रचार-प्रसार करें और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ें। इस मौके पर सपा के जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी, फकीरचंद नागर, महेंद्र नागर, सुनील भाटी देवटा, नरेंद्र नागर सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।