Wednesday, July 09, 2025 10:45:21 PM

नोएडा में महिला गिरफ्तार
नोएडा: घरेलू सहायिका ने सोने के गहने चुराए, पुलिस ने किया गिरफ्तार

नोएडा में एक घरेलू सहायिका को सोने के गहने चुराने और उन्हें बेचने का प्रयास करते हुए गिरफ्तार किया गया। महिला ने अपराध स्वीकारा।

नोएडा घरेलू सहायिका ने सोने के गहने चुराए पुलिस ने किया गिरफ्तार
सांकेतिक तस्वीर | पाठकराज
पाठकराज

नोएडा। नोएडा पुलिस ने घरेलू सहायिका के रूप में काम करने वाली एक महिला को सोने के गहने चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पहले परिवारों के घरों में काम करने जाती थी और मौका मिलते ही कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाती थी। पुलिस ने उसे चोरी के गहने बेचते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। 

गिरफ्तार महिला की पहचान जूली के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मधुबनी, बिहार की रहने वाली है और फिलहाल नोएडा में रह रही थी। पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि वह बीए पास है और लंबे समय से घरों में सहायिका का काम कर रही थी।

कैसे हुआ खुलासा?

यह मामला नोएडा के सेक्टर 71 से सामने आया है, जहां प्रतिभा सिंह नामक महिला के घर में हाल ही में जूली को डिलीवरी के बाद देखभाल के लिए रखा गया था।
प्रतिभा सिंह अपने पति के साथ अधिकतर समय विदेश में रहती हैं और पहले से सुनीता नामक महिला उनके घर पर काम कर रही थी।
 जुलाई की 6 तारीख को जूली ने घर में मौजूद एक सोने की चेन और एक जोड़ी कुंडल चोरी कर लिए और अचानक गायब हो गई। जब प्रतिभा सिंह ने जूली से संपर्क किया तो वह टालमटोल करती रही, फिर कुछ ही देर बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और वह काम पर भी नहीं लौटी।

सुनीता की सतर्कता और पुलिस की सक्रियता

घटना की जानकारी जब प्रतिभा ने सुनीता को दी, तो उसने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए महिला की तलाश शुरू की और जूली को सेक्टर-71 में चोरी के गहने बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में जूली ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह सुनियोजित तरीके से घरेलू सहायिका बनती थी और फिर गहने व नकदी चुराकर फरार हो जाती थी।

पुलिस की अपील

पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि "घरों में सहायिका रखने से पहले उनकी पूरी पहचान, पुलिस वेरिफिकेशन और पूर्ववृत्त की जांच अवश्य कराएं। ऐसे मामलों से बचाव के लिए सावधानी ज़रूरी है।"


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें