Tuesday, June 03, 2025 01:25:17 PM

दुखद एक्सप्रेसवे दुर्घटना
यमुना एक्सप्रेसवे पर एंबुलेंस से टकराया तेज रफ्तार ट्रक, शव लेकर जा रहा परिवार हादसे का शिकार, तीन गंभीर घायल

यमुना एक्सप्रेसवे पर एक एंबुलेंस को ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे एंबुलेंस में सवार छह लोग घायल हो गए। तीन गंभीर।

यमुना एक्सप्रेसवे पर एंबुलेंस से टकराया तेज रफ्तार ट्रक शव लेकर जा रहा परिवार हादसे का शिकार तीन गंभीर घायल
प्रतीकात्मक तस्वीर | पाठकराज
पाठकराज

जेवर। यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में बिहार के मधुबनी जिले में अंतिम संस्कार के लिए जा रही एक एंबुलेंस को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एंबुलेंस सवार परिवार के छह लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। एंबुलेंस में दिल्ली के छत्तरपुर से 55 वर्षीय महिला चंद्रकला देवी का शव भी था, जिन्हें बीमारी के कारण शनिवार रात निधन हो गया था।

घटना रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के 20.5 किमी क्षेत्र में उस समय हुई जब एंबुलेंस चालक ने तड़के करीब 3:15 बजे लघुशंका के लिए वाहन को सड़क किनारे रोका था। इसी दौरान पीछे से आए एक अनियंत्रित ट्रक ने खड़ी एंबुलेंस को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के तुरंत बाद जेपी इंफ्राटेक की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जेवर स्थित कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी के अनुसार, पारस ठाकुर और अरुण शर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि उमेश ठाकुर, उनकी बहन चंद्रकला ठाकुर, और बेटी प्रेरणा ठाकुर को गंभीर अवस्था में ICU में भर्ती किया गया। बाद में परिजनों ने तीनों को बेहतर उपचार के लिए दिल्ली रेफर करा लिया।

चंद्रकला देवी का शव अभी भी कैलाश अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है। परिजनों ने बताया है कि घायलों की हालत में सुधार होने पर सोमवार तक शव को बिहार ले जाया जाएगा।

परिवार मूल रूप से दुर्गापट्टी, मधुबनी (बिहार) का निवासी है और दिल्ली के छत्तरपुर क्षेत्र में रह रहा था। मृतका के पति उमेश ठाकुर दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं।

एसीपी जेवर सार्थक सेंगर ने जानकारी दी कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। हालांकि पीड़ित परिवार की तरफ से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।


सम्बन्धित सामग्री