गाजियाबाद में बारिश के चलते कच्चा मकान ढहा, 75 वर्षीय किसान की मलबे में दबकर मौत | पाठकराज
पाठकराज
गाजियाबाद। जनपद में बृहस्पतिवार देर रात हुई बारिश एक बुजुर्ग किसान के लिए जानलेवा साबित हुई। राजनगर एक्सटेंशन के पीछे खेतों में स्थित कच्चा मकान भरभराकर गिर गया, जिससे उसमें रह रहे 75 वर्षीय किसान भगवत सिंह की मलबे में दबकर मौत हो गई।
हादसे के वक्त पास ही बने गुरुद्वारे में रहने वाले नागेंद्र सिंह ने तेज आवाज सुनकर दौड़ लगाई। उन्होंने अपने दोस्त गुरदीप सिंह की मदद से मलबा हटाया और बड़ी मशक्कत के बाद भगवत सिंह को बाहर निकाला। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई और घायल अवस्था में उन्हें संजयनगर स्थित संयुक्त अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद भगवत सिंह को इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. योगेंद्र सिंह ने मृत घोषित कर दिया।
बेटे से अलग रहते थे किसान भगवत सिंह
स्थानीय लोगों के अनुसार, भगवत सिंह एक कच्चे मकान में अकेले रहते थे। बेटी की शादी के बाद वे अपने बेटे से अलग होकर खेत के पास इस मकान में रहने लगे थे। मकान जर्जर हालत में था और बीती रात हुई मूसलधार बारिश के चलते अचानक ढह गया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। प्रशासन द्वारा घटना की जांच शुरू कर दी गई है, जबकि ग्राम स्तर पर भी संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई है।