Friday, June 06, 2025 05:49:30 PM

बेंगलुरु में भगदड़ की घटना
RCB की जीत के जश्न में बेंगलुरु में भगदड़, 4 की मौत

IPL 2025 जीतने के बाद RCB की विजय परेड के दौरान बेंगलुरु में भगदड़ मची, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हुए।

rcb की जीत के जश्न में बेंगलुरु में भगदड़ 4 की मौत
विधानसबा के बाहर जुटी समर्थकों की भीड़ | पाठकराज
पाठकराज

बेंगलुरु। IPL 2025 की चैंपियन बनने के बाद जैसे ही रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की टीम बेंगलुरु पहुंची, पूरे शहर में जश्न का माहौल बन गया। लेकिन यह खुशी कुछ ही देर में मातम में बदल गई, जब एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर फैंस की भारी भीड़ के चलते भगदड़ मच गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हादसे में कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।

RCB की जीत के बाद बेंगलुरु में एक विजय परेड और सम्मान समारोह आयोजित किया गया था। पहले खिलाड़ी कर्नाटक विधानसभा पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री ने टीम को सम्मानित किया। इसके बाद टीम स्टेडियम में फैंस से मिलने पहुंची।

जैसे ही चिन्नास्वामी स्टेडियम के गेट खोले गए, फैंस की भारी भीड़ ने प्रवेश की कोशिश की और गेट नंबर-1 पर भगदड़ मच गई। कुछ फैंस दीवार फांदकर और पेड़ पर चढ़कर स्टेडियम में घुसने की कोशिश करते दिखे। कई वीडियो और तस्वीरों में हजारों लोग बेकाबू भीड़ में धक्का-मुक्की करते नजर आए।

 

पुलिस व्यवस्था हुई फेल?

इस कार्यक्रम को लेकर बेंगलुरु पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की थी, और RCB ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर फैंस से शांतिपूर्वक व्यवहार करने की अपील की थी। इसके बावजूद स्टेडियम के बाहर हालात पूरी तरह बेकाबू हो गए। स्थानीय प्रशासन और पुलिस पर भीड़ प्रबंधन में लापरवाही के आरोप लग रहे हैं।

RCB की ऐतिहासिक जीत के बाद मंगलवार रात भी शहर की सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ी। कई जगहों पर ट्रैफिक जाम और तोड़फोड़ की खबरें भी आई थीं। बारिश और मौसम की चुनौती के चलते, पहले ही खुली छत वाली परेड को रद्द किया गया था, लेकिन फैंस की संख्या और उत्साह को देखते हुए भीड़ नियंत्रण मुश्किल हो गया।


सम्बन्धित सामग्री