नोएडा। उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार देर रात एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्य के 24 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का तबादला कर दिया। गोरखपुर, अयोध्या और गौतमबुद्ध नगर जैसे प्रमुख जिलों के पुलिस अफसरों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यह कदम प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
तबादले के पहले आदेश में कुल 14 अधिकारियों के नाम शामिल थे, जबकि दूसरे आदेश में 10 अन्य अफसरों का नाम जोड़ा गया। इस प्रकार कुल 24 अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है।
गौतमबुद्ध नगर में नए अपर पुलिस आयुक्त की नियुक्ति
तबादले की इस लिस्ट में गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) का भी नाम शामिल है। यहाँ के अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) शिवहरि मीणा का तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह अब राजीव नारायण मिश्र को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजीव नारायण मिश्र को कानून व्यवस्था के मामलों में दक्ष और अनुभवयुक्त अफसर माना जाता है।