सांकेतिक तस्वीर | पाठकराज
पाठकराज
जेवर : जेवर कोतवाली क्षेत्र के खुर्जा रोड पर शनिवार सुबह एक गंभीर सड़क दुर्घटना में सेना के जवान शीशपाल समेत दो लोग घायल हो गए, जिनमें शीशपाल को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। हादसा बंकापुर गांव के समीप हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार चालक फरार हो गया।
जवान छुट्टियां खत्म कर ड्यूटी पर लौट रहा था
मृतक शीशपाल हसनपुर गांव के रहने वाले थे और बिहार में तैनात थे। शनिवार सुबह उन्होंने अपनी छुट्टियां खत्म कर ड्यूटी पर लौटना था। परिवार का ही सदस्य जितेंद्र उनके साथ बाइक से जा रहा था, जो उन्हें यमुना एक्सप्रेस वे के पास जेवर में छोड़ने आया था। तभी यह हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे। घायल दोनों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने शीशपाल को मृत घोषित कर दिया। जितेंद्र घायल हैं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी खोज शुरू कर दी है।