नई दिल्ली (नेशनल डेस्क) - भारत सरकार ने देश में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए वाघा-अटारी सीमा के रास्ते पाकिस्तान लौटने की अनुमति को अगले आदेश तक बढ़ा दिया है। गृह मंत्रालय ने इस संबंध में पूर्व आदेश को आंशिक रूप से संशोधित करते हुए यह नई छूट दी है। पहले यह समयसीमा 30 अप्रैल तक निर्धारित की गई थी।
छह दिनों में 786 पाकिस्तानी नागरिक भारत छोड़ चुके
इस निर्देश के बाद बीते छह दिनों में 55 राजनयिकों और उनके सहायक कर्मचारियों सहित कुल 786 पाकिस्तानी नागरिक अटारी-वाघा सीमा पार कर भारत छोड़ चुके हैं। वहीं, पाकिस्तान से 1,465 भारतीय नागरिक भारत लौटे हैं।
आतंकी हमले के बाद उठाए गए कदम
यह फैसला 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद लिया गया, जिसमें 25 पर्यटकों और एक स्थानीय नागरिक की आतंकियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसे कश्मीर घाटी में पर्यटकों पर हुआ सबसे बड़ा हमला माना जा रहा है। इसके बाद भारत ने सिंधु जल समझौते को भी स्थगित कर दिया, जिससे दोनों देशों के संबंध और अधिक तनावपूर्ण हो गए हैं।
वीजा धारकों के लिए तय हुई समयसीमाएं
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को व्यक्तिगत रूप से फोन कर यह सुनिश्चित करने को कहा था कि कोई भी पाकिस्तानी नागरिक निर्धारित समय सीमा से अधिक भारत में न ठहरे।