Thursday, May 15, 2025 11:36:32 PM

भारत-पाक संघर्ष विराम उल्लंघन
पाकिस्तान ने फिर तोड़ा संघर्ष विराम, भारत ने जताई कड़ी आपत्ति – सेना को दिए सख्त कार्रवाई के आदेश

भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में हुए संघर्ष विराम समझौते का पाकिस्तान ने उल्लंघन किया, जिसके जवाब में भारत ने सख्ती से कार्रवाई की।

पाकिस्तान ने फिर तोड़ा संघर्ष विराम भारत ने जताई कड़ी आपत्ति – सेना को दिए सख्त कार्रवाई के आदेश
प्रतीकात्मक तस्वीर
पाठकराज

नई दिल्ली, 11 मई: भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम पर सहमति बने कुछ ही घंटे हुए थे कि पाकिस्तान अपनी कायराना हरकतों पर उतर आया। जम्मू-कश्मीर और राजस्थान के कई सीमावर्ती क्षेत्रों में पाकिस्तानी सेना ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। इसके जवाब में भारत ने कड़ा रुख अपनाया है और सेना को सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

शनिवार देर रात विदेश मंत्रालय की ओर से आपात प्रेस वार्ता की गई। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने मीडिया को संबोधित करते हुए पाकिस्तान की निंदा की और उसे स्थिति की गंभीरता समझने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा, "यह अतिक्रमण अत्यंत निंदनीय है और पाकिस्तान इसके लिए पूरी तरह जिम्मेदार है।"

विदेश सचिव ने बताया कि भारत और पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशकों (डीजीएमओ) के बीच शनिवार शाम संघर्ष विराम पर सहमति बनी थी, जिसके तहत शाम 5 बजे से जमीनी, हवाई और समुद्री सभी सैन्य गतिविधियों को रोकने पर सहमति हुई थी। इसके बावजूद कुछ ही घंटों में पाकिस्तान ने इस समझौते का उल्लंघन किया।

भारत की ओर से जवाबी कार्रवाई की जा रही है और सेना को नियंत्रण रेखा (LoC) और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। मिस्री ने कहा, "सेना स्थिति पर कड़ी निगरानी रख रही है और किसी भी पुनरावृत्ति पर कड़ी कार्रवाई को तैयार है।"

 

अमेरिकी मध्यस्थता के बाद हुआ था संघर्ष विराम का ऐलान

संघर्ष विराम की घोषणा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के तुरंत बाद हुई थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत और पाकिस्तान अमेरिका की मध्यस्थता में पूर्ण युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं। इससे पहले अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर और पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री व विदेश मंत्री इशाक डार से अलग-अलग बातचीत की थी।

विदेश विभाग के प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने शनिवार सुबह एक बयान में कहा था कि अमेरिका दोनों देशों के बीच शांति बहाल कराने के लिए सक्रिय है। यह घटनाक्रम उस समय हुआ है जब 7 मई को भारत ने पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर ऑपरेशन सिंदूर चलाया था, जिसके जवाब में पाकिस्तान ने 15 भारतीय शहरों को निशाना बनाने की धमकी दी थी।

 

स्थिति तनावपूर्ण, भारत ने दिखाई स्पष्टता

भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि शांति की पहल को कमजोरी न समझा जाए। विदेश मंत्रालय और रक्षा प्रतिष्ठानों ने पाकिस्तान को चेताया है कि यदि संघर्ष विराम का उल्लंघन जारी रहा, तो भारत जवाब देने से पीछे नहीं हटेगा। अब सभी की निगाहें 12 मई को दोपहर 12 बजे होने वाली अगली डीजीएमओ वार्ता पर टिकी हैं, जहां स्थिति की समीक्षा की जाएगी।


सम्बन्धित सामग्री