Thursday, May 15, 2025 11:13:19 PM

तनाव से आगरा पर्यटन प्रभावित
ताजमहल में पर्यटकों की संख्या में 20% की गिरावट, बुकिंग कैंसिल कर रहे विदेशी सैलानी

भारत-पाक तनाव के कारण आगरा में पर्यटक संख्या में गिरावट। ताजमहल के आसपास की सुरक्षा चिंताएँ बढ़ी हैं, लोकल व्यापार प्रभावित।

ताजमहल में पर्यटकों की संख्या में 20 की गिरावट बुकिंग कैंसिल कर रहे विदेशी सैलानी
प्रतीकात्मक तस्वीर
पाठकराज

आगरा। भारत-पाकिस्तान के बीच बने तनावपूर्ण माहौल का असर अब देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी दिखाई देने लगा है। ताजमहल के लिए मशहूर आगरा शहर में पर्यटकों की संख्या में पिछले सप्ताहांत की तुलना में इस सप्ताहांत 20 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई है। स्थानीय पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले और उसके बाद भारत द्वारा की गई एयर स्ट्राइक के कारण माहौल असहज हुआ है, जिससे टूरिस्ट खासकर विदेशी पर्यटक बुकिंग कैंसिल कर रहे हैं। पिछले सप्ताहांत में जहां 37,626 पर्यटक आगरा पहुंचे थे, वहीं इस सप्ताहांत यह संख्या घटकर 30,692 रह गई। यह गिरावट पर्यटन कारोबार के लिए एक बड़ा झटका मानी जा रही है।

टूरिज्म गिल्ड ऑफ आगरा के अध्यक्ष राजीव सक्सेना ने बताया कि, “तनावपूर्ण अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का असर सीधे तौर पर पर्यटन पर पड़ा है। मई महीने के लिए भारतीय और विदेशी पर्यटकों की अच्छी बुकिंग थी, लेकिन अब रद्द होने लगी हैं। भारतीय पर्यटक तो कुछ समय बाद लौट आएंगे, लेकिन विदेशी पर्यटकों का विश्वास फिर से जीतने में वक्त लगेगा।”

वहीं, ताजगंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेश राठौर ने ताजमहल के आसपास की सुरक्षा पर चिंता जाहिर करते हुए कहा, “कुछ दुकानदार पर्यटकों के बैग बिना जांच के दुकान में रख लेते हैं, जो सुरक्षा के लिहाज से गंभीर खतरा बन सकता है। पुलिस और प्रशासन को इस पर सख्ती से रोक लगानी चाहिए।” आगरा जैसे पर्यटन शहर के लिए यह स्थिति चिंताजनक है, क्योंकि स्थानीय व्यापार का बड़ा हिस्सा पर्यटन पर ही निर्भर है। कारोबारियों और प्रशासन दोनों के सामने अब चुनौती है कि कैसे पर्यटकों का भरोसा बहाल किया जाए और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पर्यटन को फिर से पटरी पर लाया जाए।


सम्बन्धित सामग्री