प्रयागराज । भदोही के पूर्व विधायक विजय मिश्रा के भतीजे मनीष मिश्र उर्फ मनीष चंद्र मिश्र के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया है। एफआईआर उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) के पुलिस उपाधीक्षक अशोक कुमार वर्मा की ओर से प्रयागराज के विजिलेंस थाने में दर्ज कराई गई है।
मनीष मिश्र भदोही जनपद के डीघ ब्लॉक के पूर्व प्रमुख रह चुके हैं। हंडिया निवासी मनीष मिश्र के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत पर सतर्कता अधिष्ठान ने जांच शुरू की थी। जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।
जांच में क्या सामने आया?
-
मनीष मिश्र ने 1 जनवरी 2023 से 28 जनवरी 2025 के बीच मात्र 33,74,778 रुपये की वैध आय दिखाई।
-
लेकिन इस अवधि में उन्होंने 10,09,57,626 रुपये की संपत्ति अर्जित की और खर्च किया, जो उनकी आय से काफी अधिक है।
-
जब इस बारे में उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
-
जांच अधिकारियों ने प्रथम दृष्टया मनीष को दोषी पाया और मामला दर्ज किया गया।
विजिलेंस विभाग की एफआईआर के आधार पर अब कानूनी कार्यवाही शुरू हो गई है। मनीष मिश्र के खिलाफ आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति रखने का आरोप है, जो भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत गंभीर अपराध माना जाता है।