Friday, June 06, 2025 09:56:14 PM

दहेज उत्पीड़न का मामला
साहिबाबाद: महिला डॉक्टर ने पति और ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न का लगाया आरोप, रिपोर्ट दर्ज

गाजियाबाद की महिला डॉक्टर ने अपने पति और ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और जांच जारी है।

साहिबाबाद महिला डॉक्टर ने पति और ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न का लगाया आरोप रिपोर्ट दर्ज
साकेंतिक तस्वीर | पाठकराज
पाठकराज

गाजियाबाद। इंदिरापुरम कोतवाली क्षेत्र में तैनात सरकारी महिला डॉक्टर ने अपने पति, ससुर सहित चार ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि खुद को रसूखदार प्रॉपर्टी डीलर बताकर युवक ने उनसे झांसा देकर शादी की, लेकिन विवाह के बाद लगातार शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न होने लगा।

एफआईआर के अनुसार, महिला उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य विभाग में मेडिकल ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। वर्ष 2017-18 में एक मित्र के माध्यम से उनकी मुलाकात हरियाणा के बहादुरगढ़ निवासी युवक से हुई थी, जिसने खुद को बड़े प्रॉपर्टी कारोबारी और अपने पिता को सरकारी स्कूल का प्रधानाचार्य बताया।

20 नवंबर 2021 को शादी हुई, जिसमें करीब 1.5 करोड़ रुपये खर्च किए गए। महिला का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही पति ने कम दहेज का ताना देते हुए शराब के नशे में थप्पड़ मारा।
फरवरी 2022 में भी बुरी तरह मारपीट की गई। वर्ष 2024 में महिला का स्थानांतरण नोएडा हो गया, जिसके बाद वे पति के साथ अपने पिता के घर रहने लगीं।

11 सितंबर 2024 को हुई एक घटना में पति ने कथित रूप से इतनी बुरी तरह मारा कि महिला का पैर टूट गया, और ऑपरेशन कराना पड़ा।

पीड़िता का कहना है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है। आखिरकार उन्होंने पुलिस से शिकायत की।

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पति सहित चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।


सम्बन्धित सामग्री