Friday, May 30, 2025 11:09:47 AM

बच्चा पोडियम से गिरा
ग्रेटर नोएडा वेस्ट: सुपरटेक इकोविलेज-1 में पोडियम से गिरा 11 वर्षीय बच्चा, पहले भी हो चुकी है गंभीर घटना

ग्रेटर नोएडा की सुपरटेक इकोविलेज-1 सोसायटी में 11 वर्षीय बच्चा पोडियम से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना ने सुरक्षा उपायों की कमी को उजागर किया।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट सुपरटेक इकोविलेज-1 में पोडियम से गिरा 11 वर्षीय बच्चा पहले भी हो चुकी है गंभीर घटना
ग्रेटर नोएडा वेस्ट: सुपरटेक इकोविलेज-1 में पोडियम से गिरा 11 वर्षीय बच्चा, पहले भी हो चुकी है गंभीर घटना | पाठकराज
पाठकराज

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित सुपरटेक इकोविलेज-1 सोसायटी में सुरक्षा इंतजामों की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। बुधवार सुबह सोसायटी के पोडियम पर साइकिल चला रहा 11 वर्षीय बच्चा अचानक नियंत्रण खो बैठा और करीब 10 फीट ऊंचे पोडियम से नीचे गिर गया। गिरने से बच्चे के घुटने, हाथ और मुंह पर गंभीर चोटें आई हैं।

घटना एस 3ए टावर के निवासी गिरीश के बेटे विधान के साथ हुई, जो सुबह के समय के-1 टावर के सामने पोडियम पर साइकिल चला रहा था। पोडियम पर एक मोड़ पर साइकिल का संतुलन बिगड़ा और वह सीधे दीवार से टकरा गया। साइकिल दीवार पर अटक गई और बच्चा नीचे जा गिरा।

 

पहले भी हो चुकी है लापरवाही से दुर्घटना

गौरतलब है कि इससे पहले भी सोसायटी में इसी पोडियम से एक महिला गिर चुकी हैं, जो पालतू कुत्ते से बचने की कोशिश में नीचे जा गिरी थीं। उस दुर्घटना में महिला की रीढ़ की हड्डी टूट गई थी। इसके बावजूद, सोसायटी की तरफ से पोडियम फ्लोर की बाउंड्री पर सुरक्षात्मक ग्रिल नहीं लगाई गई है।स्थानीय लोगों ने जब बच्चे की चिल्लाने की आवाज सुनी, तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चे को उठाकर व्हीलचेयर पर मुख्य गेट तक लाए। वहां से परिजन उसे एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले गए।
गिरीश का कहना है कि प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्चे को घर भेज दिया है, लेकिन अभी भी वह पैरों पर खड़ा नहीं हो पा रहा है और पूरे शरीर में दर्द बना हुआ है।

 

सुरक्षा उपायों पर उठे सवाल

लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद सोसायटी प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायतों के बावजूद पोडियम की बाउंड्री पर ग्रिल नहीं लगाई गई, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा खतरे में बनी हुई है।


सम्बन्धित सामग्री