Friday, May 30, 2025 10:18:41 AM

फ्लैट धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तारी
नोएडा: 12 करोड़ की फ्लैट धोखाधड़ी का आरोपी प्रकाश झा गिरफ्तार, चार साल से था फरार

नोएडा पुलिस ने सेक्टर-63 में 12 करोड़ रुपये की फ्लैट धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे आरोपी प्रकाश झा को गिरफ्तार किया है।

नोएडा 12 करोड़ की फ्लैट धोखाधड़ी का आरोपी प्रकाश झा गिरफ्तार चार साल से था फरार
नोएडा: 12 करोड़ की फ्लैट धोखाधड़ी का आरोपी प्रकाश झा गिरफ्तार, चार साल से था फरार | पाठकराज
पाठकराज

नोएडा। सेक्टर-63 थाना पुलिस ने 12 करोड़ रुपये की फ्लैट धोखाधड़ी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार के इनामी आरोपी प्रकाश झा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी करीब चार वर्षों से पुलिस को चकमा दे रहा था। इससे पहले उसके तीन साथियों नवनीत कौर, गौरव शर्मा और विशाल कटियार को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्तिमोहन अवस्थी के मुताबिक, आरोपी प्रकाश झा दिल्ली के मुंडका स्थित एकता अपार्टमेंट का निवासी है और वर्ष 2011 से नोएडा सेक्टर-63 स्थित एससीसी बिल्डर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में एक्जीक्यूटिव पद पर कार्यरत था। इस कंपनी के माध्यम से आवासीय फ्लैट बनाकर उनका विक्रय किया जाता है। 

पुलिस जांच में सामने आया कि प्रकाश झा ने अपने साथियों के साथ मिलकर कंपनी के फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और उनके आधार पर फ्लैट खरीदारों के नाम पर विक्रय विलेख तैयार कर दिए, वह भी बिना नियमानुसार प्रक्रिया (एसओपी) का पालन किए।

 

12 करोड़ रुपये का गबन और ब्लैकमेलिंग

इस तरह से आरोपियों ने कंपनी के साथ करीब 12 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की। इतना ही नहीं, धोखाधड़ी के बाद आरोपी बिना पूर्व सूचना के कंपनी छोड़कर फरार हो गए। कंपनी के मालिक द्वारा संपर्क करने पर प्रकाश झा ने फोन बंद कर लिया और लापता हो गया।

जांच के दौरान यह भी पता चला कि आरोपी ने कंपनी की गोपनीय जानकारी अन्य स्थानों पर ईमेल कर ब्लैकमेलिंग का प्रयास भी किया था। कंपनी की शिकायत पर वर्ष 2021 में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस का कहना है कि प्रकाश झा के खिलाफ दिल्ली के राजौरी गार्डन थाना में भी एक आपराधिक मामला दर्ज है। आरोपी को अब न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा, और आगे की जांच जारी है।


              

सम्बन्धित सामग्री