Wednesday, May 21, 2025 09:57:18 PM

नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा में अवैध रूप से रह रहे दो नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार, रेव पार्टी की थी तैयारी

ग्रेटर नोएडा में दो नाइजीरियाई नागरिकों को अवैध रूप से भारत में रहने और पार्टी आयोजित करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

ग्रेटर नोएडा में अवैध रूप से रह रहे दो नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार रेव पार्टी की थी तैयारी
हिरासत में लिए गए विदेशी नागरिक
पाछकराज

ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से भारत में रह रहे दो नाइजीरियाई नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला आरोपी भी शामिल है। दोनों पर बिना वैध दस्तावेज भारत में रहने और अवैध रूप से पार्टी आयोजित करने का आरोप है। पुलिस को उनके पास से शराब की बड़ी खेप, एक कार और अन्य पार्टी सामग्री मिली है। डीसीपी सेंट्रल शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्टर और कैसेंड्रा के रूप में हुई है। दोनों सप्ताहांत पर एक प्राइवेट पार्टी आयोजित करने वाले थे, जिसमें अन्य अफ्रीकी नागरिकों और भारतीय युवाओं को शामिल किया जाना था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह पार्टी पेमेंट के आधार पर आयोजित हो रही थी।

 

शराब की खेप और लग्ज़री फ्लैट

पुलिस के अनुसार, मौके से यूपी और हरियाणा ब्रांड की व्हिस्की, बियर, वोडका और प्रीमियम शराब बरामद की गई है। बरामद माल से अंदेशा है कि करीब 50 से ज्यादा लोगों की पार्टी की योजना थी। साथ ही यह भी सामने आया है कि आरोपी महंगी सोसायटियों में सामान्य से तीन गुना ज्यादा किराया देकर फ्लैट ले रहे हैं, और बिना पुलिस वेरिफिकेशन के मकानमालिक उन्हें किराये पर फ्लैट दे रहे हैं।

 

विदेशी अधिनियम और आबकारी कानून में केस दर्ज

आरोपियों के खिलाफ विदेशी नागरिक अधिनियम (Foreigners Act) की धारा 14 और उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को अभी तक कोई वैध वीजा या पासपोर्ट दस्तावेज नहीं मिले हैं। आरोपी गुमराह करने वाले बयान भी दे रहे हैं। मामला अब सेंट्रल एजेंसियों को सौंपा जाएगा, ताकि इनके भारत में प्रवेश, नेटवर्क और गतिविधियों की गहराई से जांच हो सके।

 

सोसायटी व मकान मालिकों को चेतावनी

पुलिस अब सोसायटी प्रबंधन और स्थानीय निवासियों को आगाह कर रही है कि “अगर किसी ने बिना वेरिफिकेशन के विदेशी या संदिग्ध व्यक्ति को किराए पर रखा, तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”


सम्बन्धित सामग्री