Tuesday, June 17, 2025 08:23:22 AM

भीषण विस्फोट में चार महिलाओं की मौत
अमरोहा: खेतों के बीच चल रही पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, चार महिलाओं की मौत, कई घायल

अमरोहा के एक गांव में अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से चार महिलाओं की मौत हो गई और छह अन्य घायल हुईं। स्थानीय प्रशासन ने जांच शुरू की।

अमरोहा खेतों के बीच चल रही पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका चार महिलाओं की मौत कई घायल
घटनास्थल पर मौजूद अधिकारी | पाठकराज
पाठकराज

अमरोहा।  जिले के रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव अतरासी में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। खेतों के बीच अवैध रूप से संचालित एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। इस हादसे में चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज एक किलोमीटर दूर तक सुनी गई, जिससे गांव में दहशत फैल गई।

 

धमाके के बाद मचा हाहाकार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक तेज धमाके के साथ फैक्ट्री में आग लग गई। जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त फैक्ट्री के अंदर दर्जन भर से अधिक महिलाएं काम कर रही थीं। धमाके के बाद एक भवन पूरी तरह ढह गया और उसमें काम कर रहीं महिलाएं मलबे में दब गईं। चीख-पुकार के बीच ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने बड़ी मशक्कत के बाद शवों को मलबे से बाहर निकाला।

 

किसके नाम पर थी फैक्ट्री?

फैक्ट्री का संचालन हापुड़ निवासी सैफू रहमान द्वारा किया जा रहा था। यह फैक्ट्री दो भवनों में संचालित हो रही थी, जिसमें से एक में धमाका हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि यह फैक्ट्री लंबे समय से खेतों के बीच चुपचाप चलाई जा रही थी, लेकिन इसकी निगरानी या कोई सरकारी अनुमति की जानकारी नहीं थी।

 

प्रशासन मौके पर, जांच शुरू

धमाके की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया, मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनिल कुमार समेत प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और राहत व बचाव कार्यों की निगरानी की। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।

 

क्या थी सुरक्षा व्यवस्था?

घटनास्थल पर न तो कोई फायर सेफ्टी उपकरण थे और न ही सुरक्षा के मानक अपनाए गए थे। प्रारंभिक जांच में फैक्ट्री के पास आवश्यक लाइसेंस और सुरक्षा व्यवस्था नहीं पाए गए हैं। अधिकारियों ने फैक्ट्री के कागजात जब्त कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें