ग्रेनाइट पत्थरों के बीच छुपाकर ला रहे थे गांजा, पुलिस ने पकड़ी 40 लाख की खेप
ग्रेटर नोएडा। इकोटेक-3 थाना पुलिस ने सोमवार को गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा किया। खेडा चौगानपुर गोलचक्कर पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक ट्रक से 164 किलो 700 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि उनका सप्लायर फरार है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आंध्र प्रदेश से ट्रक में ग्रेनाइट पत्थर लोड करते थे। इसके बाद उड़ीसा राज्य से अपने साथी की मदद से गांजा खरीदते और पत्थरों के बीच छुपा देते। इस तरह वे बिना शक के टोल टैक्स और पुलिस चेकिंग पार कर लेते थे। पत्थरों की बिल्टी दिखाकर आसानी से विभिन्न राज्यों में खेप की सप्लाई की जाती थी।आरोपी गांजा की यह खेप राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई करने जा रहे थे। लंबे समय से यह गिरोह अवैध तस्करी कर रहा था। पकड़े गए आरोपी अली हसन (ट्रक चालक) और योगेन्द्र सिंह (ट्रक मालिक) ने पूछताछ में बताया कि यह धंधा वे आर्थिक लाभ के लिए कर रहे थे।
फरार सप्लायर की तलाश
गांजा आरोपियों को उड़ीसा से अरविंद किशोर उर्फ टोनी उपलब्ध कराता था, जो वर्तमान में फरार है। पुलिस ने उसे वांछित घोषित कर दिया है और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
पहले भी जेल जा चुके हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार अलीहसन और योगेन्द्र वर्ष 2019 में भी उड़ीसा के छतरपुर थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी के मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं। इसके बावजूद दोनों ने फिर से इसी अवैध कारोबार को अपनाया। पुलिस ने ट्रक से छह प्लास्टिक कट्टों में भरे 31 बंडल गांजा बरामद किया। बरामद ट्रक (नंबर HR 69 C 7950) को भी जब्त कर लिया गया है। मामले में थाना इकोटेक-3 पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।