शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर 20 लाख की साइबर ठगी
ग्रेटर नोएडा। शेयर बाजार में कम समय में भारी मुनाफा कमाने का सपना दिखाकर साइबर ठगों ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित महागुन मायवुड सोसायटी के निवासी अशोक कुमार से 20 लाख रुपये की ठगी कर डाली। पीड़ित ने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने के बाद साइबर क्राइम थाना नोएडा में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
अशोक कुमार एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और शेयर बाजार में निवेश में रुचि रखते हैं। अक्टूबर 2024 में उन्हें व्हाट्सएप पर शेयर बाजार से जुड़ा एक संदेश मिला। इसके बाद खुद को प्रोफेसर निथिकामथ बताने वाले व्यक्ति ने फोन कर खुद को मार्केट विशेषज्ञ बताया और एक विशेष रणनीति के तहत निवेश की सलाह दी। विश्वास जीतने के लिए ठग ने शुरुआत में छोटे निवेश पर लाभ दिखाया और कुछ रकम वापस भी की। इसके बाद गीतिका आनंद नाम की महिला की मदद से अशोक को एक वेबसाइट पर पंजीकरण कराया गया।
20 लाख रुपये डमी खाते में फंसे 6 से 28 अक्टूबर 2024 के बीच अशोक ने कई बार में कुल 20 लाख रुपये ‘अनलिस्टेड स्टॉक ट्रेड’ नामक डमी खाते में ट्रांसफर किए। खाते में कृत्रिम रूप से मुनाफा भी दिखाया गया, लेकिन जब उन्होंने रकम निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने टैक्स और शुल्क के नाम पर और पैसे की मांग की। संदेह होने पर अशोक ने तत्काल शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस जांच में जुटी साइबर क्राइम थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। ठगों की पहचान और बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है।