संबंधित विभाग के अधिकारियों के संग डीएम की बैठक | पाठकराज
पाठकराज
नोएडा। स्वतंत्रता दिवस 2025 के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जनपद गौतमबुद्ध नगर में "हर घर तिरंगा अभियान-2025" को भव्य व प्रभावी रूप में मनाया जाएगा। इस अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
तीन चरणों में चलेगा अभियान
जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि अभियान को तीन चरणों में संपन्न कराया जाएगा:
प्रथम चरण: 2 अगस्त से 8 अगस्त 2025 (लगभग पूरा होनेवाला है)
द्वितीय चरण: 9 अगस्त से 12 अगस्त 2025
तृतीय चरण: 13 अगस्त से 15 अगस्त 2025
प्रथम चरण की प्रमुख गतिविधियाँ
स्कूलों की दीवारों और बोर्ड पर तिरंगे से प्रेरित चित्रकारी, शैक्षणिक संस्थानों व चिन्हित स्थलों पर संस्कृति मंत्रालय द्वारा प्रदर्शनी तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता, तिरंगा राखी निर्माण कार्यशालाएं आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं 7 और 8 अगस्त को पुलिसकर्मियों और सैनिकों को राखियां व आभार पत्र भेजना, सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगे धागों से सजावट और तिरंगा बुनाई कार्यक्रम तय किए गए हैं।
द्वितीय चरण का मुख्य आयोजन: "तिरंगा महोत्सव"
दूसरे चरण में जिला प्रशासन की तरफ से तिरंगा मेला और म्यूजिकल कंसर्ट, स्वयं सहायता समूहों व ODOP उत्पादों पर आधारित तिरंगा मेला, तिरंगा रंग की थीम पर आधारित खाद्य पदार्थ, वस्त्र व श्रृंगार सामग्री की बिक्री, NCC, NSS, पुलिस बलों, होमगार्ड्स आदि के सहयोग से तिरंगा बाइक व साइकिल रैली, वृद्ध तिरंगे कपड़े के साथ तिरंगा यात्राएं आयोजित की जाएंगी।
तृतीय चरण: ध्वजारोहण और डिजिटल भागीदारी
सभी शासकीय भवनों, स्कूलों, होटलों, कार्यालयों, पुलों आदि पर ध्वजारोहण समारोह
रात में तिरंगा प्रकाश व्यवस्था
नागरिकों को तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर वेबसाइट www.harghartiranga.com पर अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा
जिलाधिकारी का निर्देश: बने जनभागीदारी का महाअभियान
बैठक में जिलाधिकारी मेधा रूपम ने स्पष्ट कहा कि यह अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम न होकर "जन-जन के जुड़ाव" का आंदोलन बने। सभी विभागों को समयबद्ध ढंग से जिम्मेदारियाँ दी गई हैं और हर घर तक तिरंगे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।